Loading market...

हार्वेस्टर सुधारने के चक्कर में मिस्त्री आया हाई टेंशन लाइन की चपेट में

कोंच (जालौन) क्षेत्र में रविवार को सुबह 11,30 बजे खेत में खराब हार्वेस्टर को ठीक कराने के दौरान एक 25 वर्षीय युवक 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को कोंच के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लौना निवासी अनूप कुशवाहा (25) पुत्र लाखन कुशवाहा के खेत में एक हार्वेस्टर खड़ा हुआ था। हार्वेस्टर का सेल्फ खराब होने के कारण उसे ठीक कराने का काम चल रहा था। इसी दौरान अनूप हार्वेस्टर के ऊपर बैठे हुए थे। बताया जा रहा है कि अचानक वह हार्वेस्टर के ऊपर खड़े हो गए और इसी दौरान ऊपर से निकली 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आ गए।

 

हाईटेंशन लाइन का करंट लगते ही अनूप गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर पड़े। अचानक हुए इस हादसे को देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने बिना देर किए एंबुलेंस को सूचना दी और घायल युवक को उपचार के लिए कोंच के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में अनूप का इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। युवक के साथ हुए हादसे से परिवार में चिंता का माहौल बना हुआ है। खेत में हार्वेस्टर की मरम्मत के दौरान हुए इस हादसे ने एक बार फिर खेतों और कृषि यंत्रों के आसपास से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत को उजागर किया है।

Leave a Reply