जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया कालपी नगर में तेजी से चल रही है। एसडीएम विनय कुमार मौर्य के निर्देश पर नगर पालिका परिषद एवं राजस्व विभाग के कर्मचारी आवेदनकर्ताओं का स्थलीय सत्यापन और सर्वे कार्य कर रहे हैं। शासन की मंशा के अनुरूप पात्र पाए जाने वाले लाभार्थियों को जल्द ही आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराने की तैयारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कालपी नगर में कुल 25 वार्ड हैं। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए नगर के नागरिकों ने ऑनलाइन आवेदन किए थे। इन आवेदनों के आधार पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, राजस्व निरीक्षक अजीत कुमार सिंह सहित पालिका एवं राजस्व विभाग के कर्मचारियों द्वारा आवेदनकर्ताओं के आवासीय स्थलों का निरीक्षण किया जा रहा है। सर्वे के दौरान मौके पर फोटोग्राफी भी कराई गई है, ताकि पात्रता का सही आकलन किया जा सके।
स्थलीय निरीक्षण एवं सर्वे के आधार पर पात्र आवेदनों को स्वीकृति की प्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है। एसडीएम विनय कुमार मौर्य ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि शासन की मंशा के अनुरूप पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ सर्वे कार्य संपन्न कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
