Loading market...

अधिवक्ता की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, जमीन विवाद में 10 लाख की सुपारी देकर कराई गई वारदात

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी जालौन

 

कालपी/जालौन कालपी में 31 अक्टूबर को बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ता गयादीन अहिरवार की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक करीब 32 बीघा जमीन के विवाद में अधिवक्ता की हत्या की साजिश रची गई थी। वारदात को अंजाम देने के लिए 10 लाख रुपये में सुपारी दिए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने अब तक कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी मोनू यादव अभी फरार है।

विदित हो कि 31 अक्टूबर को अधिवक्ता को एक व्यक्ति फाइल पर चर्चा करने के बहाने दुर्गा मंदिर चौराहे पर उनको बुलाया था। इसके बाद चाय पीने के बहाने उन्हें गाड़ी में बैठाकर गाड़ी भगाकर ले गए। उनके पुत्र गोलू के द्वारा अपनी स्कूटी से उस गाड़ी का पीछा किया गया लेकिन वह तेज रफ्तार होने की वजह से उनके पुत्र गोलू की आंखों से गाड़ी ओझल हो गई। उसके बाद उनके पुत्र गोलू तथा परिजनों ने उनकी तलाश की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कालपी थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी राजेश कमल और पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस की टीमें तत्काल सक्रिय हो गईं। पुलिस ने शाम से लेकर पूरी रात तक सघन तलाशी अभियान चलाया। कई स्थानों पर छापेमारी कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन लगातार पूछताछ के बाद सुबह करीब नौ बजे उनकी निशानदेही पर अधिवक्ता के शव के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सर्वेश, आशीष और कटियार नाम के आरोपी शामिल बताए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार बरामद करने के लिए पुलिस टीम जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में आरोपियों ने पहले से छिपाकर रखे तमंचों से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार, एक रक्तरंजित पाना रिंच, एक चेक, जिससे अधिवक्ता पर हमला किए जाने की बात सामने आई है, दो तमंचे और पांच कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस की जांच में हत्या के पीछे करीब 32 बीघा जमीन का विवाद सामने आया है। बताया गया कि गयादीन और इंद्रजीत यादव पक्ष के बीच इस जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद और मुकदमेबाजी चल रही थी। रंजिश के चलते अधिवक्ता की हत्या की साजिश रचे जाने की बात पुलिस जांच में सामने आई है। इस पूरे घटनाक्रम में मोनू यादव की मुख्य भूमिका सामने आई है। उसने 10 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी। वहीं, इंद्रजीत यादव पर हत्या की साजिश के लिए सुपारी देने और वारदात में भूमिका निभाने का आरोप है। पुलिस ने इंद्रजीत यादव को भी गिरफ्तार कर लिया है।

मुख्य आरोपी मोनू यादव अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। वहीं, मोनू के पिता अजय यादव पर भी पूरी योजना में सहयोग करने का आरोप सामने आया है। पुलिस ने मोबाइल फोन से घटना से पहले और बाद की व्हाट्सएप चैट भी बरामद की हैं, जिनकी जांच की जा रही है। इस पूरे हत्याकांड में कुल छह लोगों की भूमिका सामने आई है। इनमें चार आरोपियों की भूमिका वारदात को अंजाम देने और सक्रिय रूप से साजिश में शामिल होने की बताई गई है। तीन शूटरों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि इंद्रजीत यादव की गिरफ्तारी के साथ अब कुल चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। मुख्य आरोपी मोनू यादव की गिरफ्तारी बाकी है। अजय यादव की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

 

Leave a Reply