जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन यमुना नदी पर स्थित कालपी के पुराने पुल के मरम्मतीकरण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। कार्यदायी संस्था ने दावा किया है कि 20 जुलाई से पहले मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद झांसी – झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह सामान्य हो जाएगा और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि 26 मई 2026 से पुराने यमुना पुल पर बेयरिंग बदलने का कार्य शुरू किया गया था। मरम्मत के दौरान दोनों ओर का यातायात नए पुल से संचालित किया जा रहा है, जिससे वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण हाईवे पर आए दिन लंबा जाम लग रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की कार्यदायी संस्था के इंचार्ज उत्तम सिंह ने बताया कि पुल के कानपुर छोर पर आठ बेयरिंग बदलने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। इसके साथ ही पुल की सड़क पर आधुनिक तकनीक से तारकोल की नई परत बिछाई जा रही है जिससे सड़क पूरी तरह गड्ढामुक्त हो जाएगी। उन्होंने बताया कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो अगले सप्ताह के भीतर संपूर्ण मरम्मतीकरण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। बताया जाता है कि इस पुराने पुल में 32 बेयरिंग को बदलकर नई वेयरिंग लगाया जानी है। वर्तमान में 5 – 6 वेयरिंग को स्थापित करना शेष रह गया है।जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण कर गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
बताया जाता है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निकट भविष्य में सम्भावित जनपद जालौन के दौरे को देखते हुए पुल और सड़क से जुड़े कार्यों में तेजी लाई गई है। ताकि उनके आगमन से पूर्व यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारु हो सके।
फोटो – पुराने यमुना पुल पर युद्धस्तर पर चल रहा बेयरिंग बदलने एवं सड़क मरम्मतीकरण का कार्य
