दिल्ली धमाके के बाद खीरी अलर्ट पर — बॉर्डर से शहर तक सघन चेकिंग, एसपी ने संभाली कमान

12 नवम्बर 2025 | खीरी (उत्तर प्रदेश)

संवाददाता — खीरी
दिल्ली में हुए धमाके के बाद लखीमपुर खीरी पुलिस पूरी तरह से सतर्क हो गई है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जिले भर में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए देर रात शहर और बॉर्डर इलाकों में गश्त की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

एसपी ने निर्देश दिए कि जिले की सभी सीमाओं पर सघन चेकिंग की जाए और संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की सख्त निगरानी रखी जाए। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

रातभर एसपी ने अपनी टीम के साथ नगर क्षेत्र और महोली, गोला, पलिया, भीरा, नीमगांव समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर गश्त की। इस दौरान वाहनों की तलाशी ली गई और लोगों से पहचान पत्र दिखाने को कहा गया।

एसपी ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों से लगातार समन्वय बनाए रखा गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। जिले के हर थाना प्रभारी को सतर्क रहने और अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम या स्थानीय पुलिस को दें। आम जनता से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस की मदद करें ताकि शांति व्यवस्था कायम रखी जा सके।

Leave a Reply