अमित गुप्ता
उरई जालौन
उरई/जालौन समाजवादी पार्टी ने बढ़ती महंगाई, नीट पेपर लीक, बिजली बिलों में वृद्धि, बेरोजगारी तथा किसानों को ओलावृष्टि से हुए नुकसान का मुआवजा न मिलने जैसी समस्याओं को लेकर राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर समेत सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सपा नेताओं ने बताया कि बुंदेलखंड क्षेत्र का जनपद जालौन कृषि प्रधान क्षेत्र है, जहां लगभग 90 प्रतिशत आबादी खेती पर निर्भर है। वर्तमान समय में डीजल, पेट्रोल और घरेलू गैस के बढ़ते दामों ने किसानों और आम जनता की आर्थिक स्थिति को प्रभावित किया है। पार्टी का आरोप है कि पेट्रोल-डीजल के दाम 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच चुके हैं, जबकि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें पिछले वर्षों में दोगुनी से अधिक हो गई हैं।
सपा ने नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण को भी गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि इससे हजारों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके अलावा बिजली दरों में लगातार वृद्धि और अघोषित कटौती से उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है।
ज्ञापन में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का उल्लेख करते हुए किसानों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की गई है। समाजवादी पार्टी ने सरकार से जनहित के मुद्दों पर तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
