जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/ जालौन मंगलवार को ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं कानून की जानकारी देने के उद्देश्य से ग्राम हरकुपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
विधालय परिसर में आयोजित शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं न्यायिक अधिकारी मनाली चंदा मौजूद रहीं। उन्होंने ग्रामीणों को विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं तथा जरूरतमंद लोगों को मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता के संबंध में जानकारी दी। नायब तहसीलदार कालपी मुकेश कुमार ने महिलाओं एवं पुरुषों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर उचित माध्यम से शिकायत कर समाधान प्राप्त किया जा सकता है।शिविर में ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने, अपने कानूनी अधिकारों को समझने तथा विवादों का समाधान विधिक प्रक्रिया के माध्यम से कराने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने शिविर में मौजूद अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
