राज्यपाल ने डीएम व सीडीओ कानपुर देहात को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया

आंगनबाड़ी केन्द्रों के सुसज्जन व स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन पर सम्मान

कानपुर देहात, 17 सितम्बर 2025।
माननीय महामहिम राज्यपाल उत्तर प्रदेश श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज जनपद कानपुर देहात के जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन0 को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।

यह सम्मान उन्हें छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के 40वें दीक्षांत समारोह में प्रदान किया गया। राज्यपाल ने जनपद प्रशासन द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रों को संसाधन-संपन्न बनाने, आवश्यक आंगनबाड़ी किट उपलब्ध कराने और स्कूली छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु नि:शुल्क एचपीवी टीकाकरण कराने जैसे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की।

इसके साथ ही, जनपद में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुँचाने में जिला प्रशासन के योगदान को भी राज्यपाल ने सराहा।

माननीय राज्यपाल ने जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन0 की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सम्मान जनपद प्रशासन एवं समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए प्रेरणा स्रोत सिद्ध होगा और जनकल्याण कार्यों को और अधिक समर्पण व तत्परता से गति देने की प्रेरणा प्रदान करेगा।

Leave a Reply