न्यायिक अधिकारियों ने वृद्धाश्रम व आश्रय-गृह का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की ली जानकारी - Aaj Tak Media

न्यायिक अधिकारियों ने वृद्धाश्रम व आश्रय-गृह का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की ली जानकारी

उरई, 20 सितम्बर 2025 (सू०वि०)।

माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार आज जनपद जालौन में संचालित दो शेल्टर होम का न्यायिक अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने राठ रोड स्थित वृद्धाश्रम एवं मुहल्ला लहरियापुरवा स्थित आश्रय-गृह में पहुंचकर व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण में वृद्धाश्रम में 120 संवासी उपस्थित मिले। संवासियों ने बताया कि उन्हें निर्धारित मेन्यू के अनुसार समय पर भोजन और नाश्ता मिल रहा है। मेडिकल डिस्पेंसरी में स्टाफ नर्स मौजूद थी और प्राथमिक उपचार हेतु आवश्यक दवाएँ उपलब्ध थीं। किसी भी संवासी ने कोई विशेष समस्या नहीं बताई।

वहीं, नगर पालिका परिषद उरई के सहयोग से संचालित आश्रय-गृह (शेल्टर होम) में भी न्यायिक अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का परीक्षण किया। निरीक्षण के समय प्रबंधक शिवबाबू राठौर व केयर टेकर पूजा देवी उपस्थित थे। दवाओं का भंडारण व्यवस्थित पाया गया। पंजिका के अनुसार यहाँ 11 आश्रित पंजीकृत मिले।

इस अनुश्रवण समिति में अपर जिला जज प्रथम सतीश चन्द्र द्विवेदी, अपर जिला जज/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पारुल पँवार एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिषेक खरे शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उरई के लिपिक शुभम् शुक्ला भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply