लखनऊ।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने मुस्लिम समाज को पार्टी से जोड़ने के लिए बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को उन्होंने बसपा की मुस्लिम भाईचारा कमेटी गठन का ऐलान किया। मायावती ने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए हर मंडल में मुस्लिम भाईचारा कमेटी बनाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि बसपा शुरू से ही सभी धर्मों, जातियों और वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। इस पहल का उद्देश्य बसपा के सामाजिक आधार को और व्यापक बनाना है, ताकि मुस्लिम समाज के लोगों की समस्याओं और मुद्दों को पार्टी स्तर पर अधिक प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।
मायावती ने बताया कि कमेटियों का गठन पहले ही शुरू कर दिया गया है और हर मंडल में दो सदस्यीय मुस्लिम भाईचारा कमेटी बनाई जाएगी। इस कमेटी में मुस्लिम समाज के प्रभावशाली व अनुभवी लोगों को शामिल किया जा रहा है, जो बसपा संगठन को मजबूत करने में सहयोग देंगे।
बसपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी सभी वर्गों के हित में काम करती रही है और आगे भी इसी नीति पर कायम रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मुस्लिम समाज को पार्टी से जोड़ने के लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाएँ।
