रियो डी जेनेरियो (एजेंसी) —
ब्राजील के सबसे खतरनाक अपराध संगठन “कमांडो वर्मेलो” (रेड कमांड) के खिलाफ सेना और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भारी सफलता मिली है। ताजा अभियान में 64 संदिग्ध अपराधियों को मारा गया है। यह ऑपरेशन देश के अब तक के सबसे बड़े एंटी-ड्रग अभियान में से एक बताया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई रियो डी जेनेरियो और साओ पाउलो के अपराध-प्रभावित इलाकों में की गई, जहां ड्रग माफिया लंबे समय से सक्रिय थे। अभियान में सैकड़ों सैनिक, पुलिसकर्मी और विशेष बल के जवान शामिल थे। सेना के हेलिकॉप्टरों और बख्तरबंद वाहनों का भी इस्तेमाल किया गया।
रिपोर्टों के मुताबिक, करीब 2,500 सुरक्षाबलों ने इस मिशन में हिस्सा लिया, जिसका लक्ष्य वर्मेलो ड्रग नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना था। इस दौरान बड़ी मात्रा में हथियार, ड्रग्स और गोला-बारूद बरामद किया गया।
ब्राजील सरकार ने बताया कि इन गिरोहों के सदस्यों ने बीते कुछ महीनों में कई निर्दोष नागरिकों और सुरक्षाबलों की हत्या की थी, जिसके बाद यह सघन अभियान शुरू किया गया।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि यह संगठन देश के अंदर और पड़ोसी देशों में फैले हुए ड्रग रूट्स पर नियंत्रण रखता है, जिससे अरबों डॉलर का अवैध कारोबार होता है।
सरकार का दावा है कि इस कार्रवाई के बाद ड्रग माफियाओं की आर्थिक कमर टूटेगी और रियो शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार होगा।
ब्राजील के राष्ट्रपति ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि,
“यह केवल अपराधियों के खिलाफ नहीं, बल्कि उस मानसिकता के खिलाफ लड़ाई है जो हमारे युवाओं को अपराध के रास्ते पर ले जाती है।”
साल 1970 के दशक में गठित “कमांडो वर्मेलो” संगठन दक्षिण अमेरिका का सबसे बड़ा और हिंसक ड्रग कार्टेल माना जाता है। इसके करीब 10,000 सदस्य ब्राजील समेत कई देशों में फैले हैं।
