संवाददाता
उरई/जालौन
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष प्रागाढ़ पुनरीक्षण-2026 को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य अभियान की प्रगति की समीक्षा तथा शेष कार्य को समयबद्ध रूप से पूरा करना था।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद की तीनों विधानसभा—माधौगढ़, कालपी और उरई—में पुनरीक्षण कार्य तेजी से चल रहा है और अब तक 99.74 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। उन्होंने इसे प्रशासनिक टीम और फील्ड अधिकारियों के समर्पित प्रयासों का परिणाम बताते हुए शेष कार्य को भी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी लगातार मतदाता सत्यापन और अपडेशन का कार्य कर रहे हैं, लेकिन कई ऐसे मतदाता हैं जो अब तक सत्यापन के दौरान उपलब्ध नहीं हो पाए हैं। इस संबंध में उन्होंने राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से ऐसे मतदाताओं तक पहुँचकर उनके फॉर्म भरवाएँ, ताकि उनके नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल किए जा सकें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अभियान अंतिम चरण में है और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे, यह सभी की साझी जिम्मेदारी है। साथ ही राजनीतिक दलों से अपेक्षा की कि वे मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाएँ और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करें।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नेहा ब्याडवाल, तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि—बीजेपी से शांति माहेश्वरी, सपा से दीपराज गुर्जर, बसपा से भगवती शरण पांचाल, अपना दल (एस) से अनिल अटरिया, सीपीएम से विनोद कुमार—सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
