बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण नगर में बढ़ रही जाम की समस्या - Aaj Tak Media

बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण नगर में बढ़ रही जाम की समस्या

 

अमित गुप्ता

कालपी जालौन

 

कालपी (जालौन) नगर में जाम की समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों, सड़क के दोनों ओर लगने वाले सब्जी एवं फल विक्रेताओं के ठेलों तथा ई-रिक्शा और चार पहिया वाहनों के अव्यवस्थित संचालन के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसके चलते दिनभर विभिन्न स्थानों पर बार-बार जाम लगने से आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार नगर में ई-रिक्शाओं की बढ़ती संख्या भी यातायात व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बना रही है। कई ई-रिक्शा चालक सवारियों के इंतजार में बीच सड़क पर ही वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और आवागमन बाधित होता है।

नगरवासियों का कहना है कि कालपी में ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था न होना तथा स्थायी पार्किंग स्थल का अभाव भी जाम की समस्या को बढ़ा रहा है। बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोग अपने वाहन सड़क किनारे ही खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नगर में स्थायी पार्किंग स्थल विकसित किए जाएं, ट्रैफिक नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था की जाए तथा ई-रिक्शाओं के लिए निर्धारित स्टैंड बनाए जाएं। उनका मानना है कि इन व्यवस्थाओं के लागू होने से कालपी नगर को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।

उल्लेखनीय है कि बीते दिनों प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी, लेकिन इसके बावजूद नगर की सड़कों पर जाम की समस्या बनी हुई है, जो लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है।

 

फोटो : नगर की सड़क पर जाम की स्थिति।

Leave a Reply