उचित दर विक्रेता की दुकान की आपूर्ति बाधित, 41 लाभार्थियों के बयान पर कार्रवाई - Aaj Tak Media

उचित दर विक्रेता की दुकान की आपूर्ति बाधित, 41 लाभार्थियों के बयान पर कार्रवाई

 

कोंच (जालौन) प्रशासन द्वारा राशन वितरण में अनियमितताओं के संबंध में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कोंच तहसील के ग्राम बरौदा कलां स्थित एक उचित दर विक्रेता की दुकान की आपूर्ति तत्काल प्रभाव से बाधित कर दी गई है। जांच में कुल 41 राशनकार्डधारकों के शपथपत्र/बयान लिए गए। सभी ने बताया कि ई-पॉस मशीन से आधार प्रमाणीकरण के बाद भी उन्हें निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न दिया जा रहा था। साथ ही विक्रेता द्वारा अभद्र व्यवहार की शिकायत भी की गई। ग्राम बरौदा कलां निवासी श्री जगजीवन पुत्र हरनारायण की पत्नी के नाम जारी राशनकार्ड संख्या 216540615256 पर दिनांक 31.05.2026 को दोपहर 1:00 बजे कम तौल की शिकायत हुई। लाभार्थी द्वारा वीडियो बनाने पर विक्रेता के नाती अंकित द्वारा मोबाइल छीनकर तोड़ दिया गया और अंगूठा लगने के बाद भी खाद्यान्न नहीं दिया गया। जांच के दौरान भौतिक सत्यापन में बड़ी विसंगति मिली।

प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए उचित दर विक्रेता की दुकान की खाद्यान्न आपूर्ति तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी गई है। दुकान से संबद्ध समस्त राशनकार्डधारकों को असुविधा न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है श्री शिवाकांत, उचित दर विक्रेता, ग्राम पंचायत-चमेड़ की दुकान से अब राशन वितरण होगा। संबंधित विक्रेता श्री मंशाराम, ग्राम-बरौदा कलां को 15 दिन के भीतर समस्त साक्ष्यों सहित लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर नियमानुसार दुकान के निलंबन/निरस्तीकरण की अग्रिम विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गरीबों के राशन में किसी भी प्रकार की हेराफेरी या बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी शिकायत मिलने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित है।

 

Leave a Reply