अमित गुप्ता
कालपी जालौन
कालपी (जालौन) स्थानीय तहसील क्षेत्र के ग्राम बरही बंबा के पास हुई मारपीट और नकदी छीनने की घटना के मामले में ट्रक मालिक की तहरीर पर कोतवाली कालपी पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी शारिक बेग पुत्र इमरान निवासी पुखरायां, थाना भोगनीपुर, जनपद कानपुर देहात ने कोतवाली कालपी में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि वह 20 जून 2026 को शाम करीब 7 बजे अपने ट्रक चालक को 25 हजार रुपये की रोकड़ देने के लिए बरही बंबा (देवपुरा) के पास अपनी गाड़ी का इंतजार कर रहा था।
आरोप है कि इसी दौरान उसका पुराना चालक लोकेंद्र यादव निवासी ग्राम तिरही अपने साथी संजय यादव, पवन यादव निवासी तिरही तथा तीन अज्ञात व्यक्तियों के साथ वहां पहुंचा और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसकी जेब में रखे 25 हजार रुपये निकाल लिए और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली कालपी पुलिस ने नामजद एवं अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना की विवेचना कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
