कोंच (जालौन) कोतवाली क्षेत्र के ग्राम परैथा में मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे उस समय चीख-पुकार मच गई, जब अंतिम संस्कार में शामिल होने आए दो युवक नहर में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गए। एक युवक को डूबता देखकर दूसरे ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी, लेकिन तैरना नहीं आने और गहराई अधिक होने के कारण दोनों पानी में समा गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीएम मौके पर पहुंच गए। दमकलकर्मियों और गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन अभी तक किसी का पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार, कोंच कोतवाली के ग्राम परैथा के रहने वाले सूरज की मां का निधन हो गया था, उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रिश्तेदार और परिचित गांव आए हुए थे। अंतिम संस्कार की रस्म पूरी होने के बाद ललितपुर जनपद के थाना मड़ावरा के ग्राम डोगरा का रहने वाला राजा (19) पुत्र चन्दन पास से ही निकली नहर में नहाने चला गया। बताया जा रहा है कि राजा जब नहर में नहाने लगा तो वह डूबने लगा, जिसे डूबता देख मोहन (35) पुत्र मुन्नीलाल निवासी मई थाना रामपुरा जालौन ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तैरना न जानने के कारण दोनों डूबने लगे। दोनों को डूबता देख वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद रिश्तेदार अनिल कुमार निवासी परैथा ने भी युवकों को बचाने का प्रयास किया। उसने बताया कि दोनों युवक उसके रिश्तेदार थे और अंतिम संस्कार के बाद नहाने के लिए नहर पर आए थे।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा दमकलकर्मियों की सहायता से नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। युवकों की तलाश के लिए टीम लगातार प्रयास कर रही है। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
