जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन तहसील क्षेत्र के ग्राम लैकूपुर में खेत की हदबंदी एवं पत्थर गड्डी को उखाड़ने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने थाना आटा में तीन आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उक्त मामले को लेकर करमेर निवासी वादी धनीराम पुत्र स्वर्गीय कसिया ने थाना आटा में दी गई तहरीर में बताया कि वह गाटा संख्या 401/1, रकबा 0.482 हेक्टेयर भूमि का काश्तकार है। भूमि के सीमांकन, हदबंदी एवं पत्थर गड्डी के लिए उन्होंने उपजिलाधिकारी न्यायालय में वाद दायर किया था। न्यायालय द्वारा समस्त पक्षों की सुनवाई के बाद 29 जनवरी 2024 को हदबंदी का आदेश पारित किया गया था, जिसके अनुपालन में राजस्व विभाग की ओर से खेत में पत्थर गड्डी कराई गई थी। ग्राम लेकूपुर निवासी आरोपियों श्रीराम तथा सियाराम तथा बलराम ने खेत में लगाए गए सीमांकन के पत्थरों को उखाड़कर फेंक दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने जान-माल की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर तीनों आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।
