जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कदौरा जालौन
कदौरा/जालौन थाना क्षेत्र के जोल्हूपुर-हमीरपुर मार्ग पर उदनपुर इंटर कॉलेज के सामने बुधवार दोपहर सड़क किनारे खड़े खाद लदे ट्रक बढ़ाते समय ही उसकी चपेट में आने से 50 वर्षीय ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से भागने के बजाय ग्रामीणों के सामने स्वयं ठहर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक और चालक को कब्जे में लेकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार उदनपुर गांव निवासी महेश पुत्र स्व. हेतराम उम्र 50 वर्ष बुधवार दोपहर उदनपुर इंटर कालेज के सामने सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े खाद लदे ट्रक के चालक ने ट्रक को स्टार्ट कर आगे बढ़ाया और ट्रक के अचानक आगे बढ़ने से महेश उसकी चपेट में आकर नीचे दब गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ने ट्रक लेकर भागने के बजाय मौके पर ही ग्रामीणों के सामने खुद को सौंप दिया। चालक ने बताया कि ट्रक बंद खड़ा था और उसे स्टार्ट कर आगे बढ़ाने के दौरान अचानक महेश ट्रक के नीचे आ गए। ट्रक के नीचे कोई व्यक्ति मौजूद होने की जानकारी न होने के कारण हादसा होने की बात चालक ने कही।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में मातम छा गया। पत्नी राजकुमारी और पुत्र आयुष व पुत्री प्रांशी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाई पूर्व प्रधान कल्लू भी घटना से गमगीन हैं।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की और ट्रक व चालक को कब्जे में ले लिया। वहीं इस विषय में थाना प्रभारी परमेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि हादसे की सूचना पर तत्काल प्रभाव से पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है जैसे ही तहरीर प्राप्त होगी मुकदमा पंजीकृत अग्रिम कार्यवाही की जाएगी
