उरई में रामा इंफोटेक के आवासीय प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन, हेल्थकेयर सेक्टर में युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर - Aaj Tak Media

उरई में रामा इंफोटेक के आवासीय प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन, हेल्थकेयर सेक्टर में युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर

समाचार:

उरई, 15 नवंबर 2025 (सू.वि.)
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत मिशन से संबद्ध प्रशिक्षण प्रदाता रामा इन्फोटेक द्वारा स्थापित आवासीय प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन मा० विधायक सदर श्री गौरी शंकर वर्मा ने फीता काटकर किया। इसके उपरांत मा० विधायक ने माँ सरस्वती के छाया चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी ज्ञान हर व्यक्ति के लिए अनिवार्य हो गया है। इसी तकनीकी योग्यता के आधार पर व्यक्ति रोजगार या व्यवसाय में सफल हो सकता है। उन्होंने बताया कि हेल्थकेयर सेक्टर के अंतर्गत संचालित जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (GDA) ट्रेनी कोर्स युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, क्योंकि यह आज की प्रमुख आवश्यकता है।

कार्यक्रम में उपस्थित एमआईएस मैनेजर श्री भारत कुमार शर्मा ने प्रशिक्षण कोर्स एवं उसकी उपयोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि कौशल ही सफलता की सीढ़ी है, जो किसी भी व्यक्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचने में सक्षम बनाता है।

कार्यक्रम की स्मृति में प्रशिक्षण प्रदाता रामा इन्फोटेक के प्रभारी श्री चंद्रेश प्रताप सिंह यादव द्वारा मा० विधायक जी को स्मृतिचिन्ह भेंट किया गया।
इस अवसर पर कौशल विकास मिशन से प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थी, संस्था के हेड, एम०आई०एस० मैनेजर श्री भारत कुमार शर्मा, श्री उमेश सिंह सहित रामा इन्फोटेक के सभी प्रशिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply