कानपुर देहात, 08 दिसम्बर 2025
जनपद कानपुर देहात में सशस्त्र सेना झंडा दिवस बड़े ही उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में वीर सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं के अदम्य साहस एवं योगदान को नमन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर अंकित सक्सेना (अ०प्रा) ने एडीएम (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य को प्रतीक झंडा लगाकर किया। इसी क्रम में वरिष्ठ सहायक ने एडीएम (न्यायिक) दिग्विजय सिंह को प्रतीक चिन्ह लगाया। साथ ही अपर जिला जज हिमांशु कुमार सिंह को भी जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी द्वारा प्रतीक झंडा अर्पित किया गया।
समारोह के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, भूतपूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों तथा नागरिकों को प्रतीक झंडे वितरित किए गए। इस पहल ने जनमानस में सैनिकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और राष्ट्रीय सुरक्षा में उनके योगदान को लेकर जागरूकता को और सशक्त किया।
सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर जिले में देशभक्ति की भावना का विशेष वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
यह दिवस न केवल सैनिकों के साहस को नमन करने का अवसर रहा, बल्कि समाज में राष्ट्रीय एकता, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा की भावना को प्रबल करने वाला भी सिद्ध हुआ।
