पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय माती, अकबरपुर में 63वां स्थापना दिवस एवं वार्षिक खेलकूद समारोह धूमधाम से संपन्न - Aaj Tak Media

पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय माती, अकबरपुर में 63वां स्थापना दिवस एवं वार्षिक खेलकूद समारोह धूमधाम से संपन्न

संवाददाता
कानपुर देहात

पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय माती, अकबरपुर में दिनांक 15 दिसम्बर 2025 को 63वां केन्द्रीय विद्यालय स्थापना दिवस एवं वार्षिक खेलकूद दिवस गरिमा, उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी कानपुर देहात कपिल सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ए.एच. अंसारी ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों—उप जिलाधिकारी नीलिमा यादव (नामित अध्यक्ष), जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य आनंद कुमार मिश्रा, जिला खेल अधिकारी नीलिमा सिद्दीकी सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों का स्वागत किया।

प्राचार्य ने अपने उद्बोधन में केन्द्रीय विद्यालय संगठन की 63 वर्षों की उपलब्धियों, शैक्षिक गुणवत्ता तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, विद्यालय गीत एवं विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। योगाभ्यास, भारत दर्शन एवं पिरामिड निर्माण जैसे प्रदर्शनों ने सभी को मंत्रमुग्ध किया।

मुख्य अतिथि जिलाधिकारी कपिल सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर परिश्रम एवं खेल भावना अपनाने का संदेश देते हुए योग और नियमित व्यायाम के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और समग्र व्यक्तित्व विकास में सहायक होते हैं।

वार्षिक खेलकूद दिवस के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। खो-खो राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विजेता साक्षी सिंह सहित अन्य विद्यार्थियों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के अंत में उप प्राचार्य राजकुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। समारोह में शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply