अखिलेश कुमार जिला ब्यूरो जालौन
उरई (जालौन) आटा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज अपहरण कांड का जालौन पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर अपनी तत्परता और दक्षता का परिचय दिया है। पुलिस ने अपहृत युवक रोहित को सकुशल बरामद करते हुए मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अपहरण में इस्तेमाल की गई कार और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई हैं।बताया गया कि 2 जून को युवक के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसओजी, सर्विलांस और थाना आटा पुलिस की संयुक्त टीमों का गठन किया। टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल सर्विलांस और मुखबिर नेटवर्क के जरिए लगातार अभियान चलाकर आरोपियों तक पहुंच बनाई।पुलिस की सटीक रणनीति और लगातार दबिश के चलते अपहृत युवक को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया। इसके साथ ही घटना में शामिल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिए गए।
मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस ने समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि इस पूरे ऑपरेशन में शामिल पुलिस टीमों ने उत्कृष्ट कार्य किया है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई से एक बार फिर स्पष्ट हो गया है कि जालौन पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ पूरी सख्ती के साथ कार्य कर रही है। त्वरित कार्रवाई और सफल खुलासे से आमजन में सुरक्षा और पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।
