अखिलेश कुमार जिला ब्यूरो जालौन
उरई (जालौन)। शहर के अनिका अस्पताल में एक मासूम बच्चे की मौत के मामले ने स्वास्थ्य विभाग को कठघरे में खड़ा कर दिया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरि नंदन प्रसाद ने तत्काल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। मामले की तह तक पहुंचने के लिए अस्पताल के अभिलेखों की जांच शुरू कर दी गई है, वहीं बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।सीएमओ ने बताया कि हाल के दिनों में निजी अस्पतालों से जुड़ी यह दूसरी गंभीर घटना है, जिसने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अब जिलेभर में निजी अस्पतालों और नर्सिंग होमों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान अस्पतालों के पंजीकरण, चिकित्सकीय सुविधाओं, स्टाफ की उपलब्धता और निर्धारित मानकों की गहन जांच की जाएगी।स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना वैध पंजीकरण संचालित अस्पतालों के खिलाफ सीज की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित अस्पताल प्रबंधन के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से जिले के निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, मासूम की मौत के बाद आमजन भी जांच रिपोर्ट और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और दोषियों के खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।
