सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, पड़ोसी पर जताई आशंका - Aaj Tak Media

सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, पड़ोसी पर जताई आशंका

 

अमित गुप्ता

कालपी जालौन

 

कालपी (जालौन)। नगर के मोहल्ला तरीबुल्दा में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय गृहस्वामी मजदूरी के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

मोहल्ला तरीबुल्दा निवासी देवीदीन ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह 1 जून 2026 को मजदूरी करने के लिए बाहर गया था। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उसके मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। चोरों ने अंदर रखी अलमारी और बक्सों के ताले भी तोड़ दिए तथा उनमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए।

पीड़ित के अनुसार, 3 जून को मोहल्ले के लोगों ने फोन पर सूचना दी कि उसके मकान का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलने पर वह घर पहुंचा तो अलमारी और बक्से खाली पड़े मिले। चोरी की घटना से परिवार में हड़कंप मच गया।

देवीदीन ने अपनी तहरीर में एक पड़ोसी व्यक्ति पर आशंका भी जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply