नारी शक्ति का आक्रोश, विपक्षी सांसद का घर घेरा,विधायक गौरी शंकर वर्मा भी पहुंचे समर्थन में - Aaj Tak Media

नारी शक्ति का आक्रोश, विपक्षी सांसद का घर घेरा,विधायक गौरी शंकर वर्मा भी पहुंचे समर्थन में

 

अखिलेश कुमार जिला ब्यूरो जालौन

 

उरई। नारी सम्मान और स्वाभिमान की आवाज आज जिला परिषद चौराहा से लेकर सांसद कार्यालय तक गुंजायमान रही। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में और विपक्ष द्वारा किए गए “अपमान” के विरोध में महिलाओं ने उग्र लेकिन शांतिपूर्ण तरीके से लोकतांत्रिक शक्ति का प्रदर्शन किया। जनसमूह में शामिल महिलाओं ने एक सुर में कहा—“नारी सम्मान के खिलाफ उठने वाली हर आवाज का जवाब अब जन-आक्रोश से दिया जाएगा।”

प्रदर्शन में मौजूद उरई सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने भी मातृशक्ति के बीच पहुंचकर समर्थन जताया और कहा कि “नारी सम्मान ही राष्ट्र का अभिमान है, और किसी भी कीमत पर इसका हनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

महिला जन आक्रोश रैली के दौरान महिलाओं का जत्था जिला परिषद चौराहा से आगे बढ़कर समाजवादी पार्टी के सांसद नारायण दास अहिरवार के कार्यालय पर पहुंचा, जहां उन्होंने जोरदार नारेबाजी की और प्रतीकात्मक धरना देकर विरोध दर्ज कराया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष लगातार नारी शक्ति का अपमान कर रहा है, जिसको अब चुपचाप नहीं सहा जाएगा।

धरने में रेखा वर्मा, शीतल सेंगर, श्रद्धा सेंगर, शांति गुप्ता, ऊषा गुप्ता, मीनू मिश्रा सहित बड़ी संख्या में नारी शक्ति मौजूद रही। पूरे कार्यक्रम में महिलाओं का उत्साह, एकजुटता और संकल्प साफ झलकता रहा।

नारी शक्ति के इस प्रदर्शन ने स्पष्ट संदेश दिया—सम्मान के सवाल पर अब महिलाएं किसी भी तरह का समझौता नहीं करेंगी, और लोकतंत्र की शक्ति से अपना हक और स्वाभिमान सुरक्षित रखेंगी।

Leave a Reply