हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलसा युवक, सीएचसी में भर्ती

 

अमित गुप्ता ब्यूरो चीफ

कालपी (जालौन)

 

कालपी/जालौन स्थानीय तहसील क्षेत्र अंतर्गत निकटवर्ती कस्बा इटौरा में शनिवार को हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों व स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कालपी में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार बताया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम काशीखेरा निवासी मन्नू पुत्र शिव कुमार इटौरा में कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे उसे तेज करंट लग गया और वह गंभीर रूप से झुलसकर घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे सीएचसी कालपी पहुंचाया।

सीएचसी में चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल सचान एवं उनकी टीम ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंच जाने के कारण युवक की हालत में लगातार सुधार हो रहा है और वह फिलहाल खतरे से बाहर है।

घटना के बाद परिजनों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि चिकित्सकों द्वारा युवक की हालत स्थिर बताए जाने पर उन्होंने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से हाईटेंशन लाइनों के आसपास आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Leave a Reply