प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी (जालौन)

 

कालपी/जालौन गुरुवार की सुबह कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छौंक में प्रेम प्रसंग को लेकर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती ने टावर से ही चेतावनी दी कि जब तक उसके प्रेमी को मौके पर नहीं बुलाया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार मुकेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक उदय प्रताप सिंह, ज्ञान भारती चौकी प्रभारी विपिन कुमार तथा अग्निशमन विभाग की टीम ने काफी देर तक समझाकर युवती को शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान उसका प्रेमी भी मौके पर पहुंच गया, जिसके बाद युवती सुरक्षित टॉवर से नीचे उतर आई।

पुलिस दोनों को कोतवाली ले आई और परिजनों को बुलाकर पूछताछ की। बाद में दोनों को उपजिलाधिकारी कालपी के समक्ष प्रस्तुत कर उनके बयान दर्ज कराए गए।

 

बताया गया कि ग्राम छौंक निवासी युवती का प्रेम प्रसंग मध्य प्रदेश के भिंड जनपद के लहार निवासी एक युवक से चल रहा है, जिसका गांव में रिश्तेदारी होने के कारण अक्सर आना-जाना था। गुरुवार सुबह युवती अचानक टावर पर चढ़ गई और प्रेमी को बुलाने की मांग करते हुए हंगामा करने लगी।

युवती के पिता ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व भी उक्त युवक उनकी बेटी को अपने साथ ले गया था। उस समय बेटी नाबालिग थी और पुलिस ने उसे बरामद किया था। उन्होंने कहा कि अब बेटी बालिग है और वह स्वयं अपने भविष्य का निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र है।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और विधिक प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply