जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/ जालौन नगर के मोहल्ला अदलसराय में सूने घर में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में कोतवाली कालपी पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के खुलासे के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पीड़ित महफूज खान पुत्र मोहम्मद खान निवासी मोहल्ला अदलसराय ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह एक कागज फैक्ट्री में बीटर मशीन चलाने का कार्य करते हैं। उनकी पत्नी व बच्चे 11 जुलाई को शाम करीब तीन बजे शुक्लागंज (कानपुर) चले गए थे। वह घर में ताला लगाकर ड्यूटी पर चले गए। 13 जुलाई की रात अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा 64 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए।
सुबह करीब आठ बजे घर पहुंचने पर उन्हें मुख्य दरवाजे और अलमारी के ताले टूटे मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना महमूदपुर चौकी प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा को सौंपी है।
क्षेत्राधिकारी राजेश कमल ने बताया कि चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगातार सक्रिय हैं। घटनास्थल से लेकर आसपास के कई मोहल्लों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहनता से परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही घटना का सफल खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
