जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन स्थानीय नगर के मोहल्ला इंदिरा नगर में बीती रात अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर करीब छह लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा छानबीन शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी विपिन कुमार एवं सुरेंद्र कुमार, दोनों पुत्र स्वर्गीय रामनारायण, के मकान में घटना के समय कोई मौजूद नहीं था। विपिन कुमार कानपुर में नौकरी करते हैं। जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी बाहर गए हुए थे। सूने मकान का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर में घुसकर अलमारी सहित अन्य स्थानों को खंगाल डाला। चोर करीब छह लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का निरीक्षण किया। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा मिला, जिससे साफ है कि बदमाशों ने पूरे घर की तलाशी ली थी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।
फोटो – इंदिरा नगर स्थित मकान में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।
