Loading market...

घर-घर पहुंचेगा ‘दस्तक’ का संदेश, संचारी रोगों के खिलाफ छिड़ा जनजागरूकता अभियान

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

उरई जालौन

 

उरई (जालौन) विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तृतीय चरण का शुभारम्भ गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से किया गया। सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक डॉ. घनश्याम अनुरागी, एवं जिलाधिकारी समीर ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों को संचारी रोग नियंत्रण की शपथ दिलाकर की।

विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जागरूकता, स्वच्छता और समय पर उपचार के माध्यम से इन बीमारियों से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि अपने घरों और आसपास स्वच्छता बनाए रखें, कहीं भी पानी जमा न होने दें तथा बुखार अथवा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतते हुए तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पर जांच और उपचार कराएं। उन्होंने कहा कि अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में आशा, एएनएम और स्वास्थ्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए उनके घर-घर पहुंचने पर आवश्यक सहयोग प्रदान करें।

जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए अपने आसपास साफ-सफाई रखना और जलभराव रोकना बेहद जरूरी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार से बचाव के लिए चलाए जा रहे जनजागरूकता एवं दस्तक अभियान में स्थानीय एएनएम तथा आशा कार्यकत्रियों का सहयोग करें और उनके द्वारा दी जा रही जानकारी को परिवार एवं आसपास के लोगों तक पहुंचाएं।

जिलाधिकारी समीर ने कहा कि अभियान की सफलता जनसहभागिता पर निर्भर करती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि घरों के आसपास साफ-सफाई रखें, गंदा पानी जमा न होने दें और मच्छरों के पनपने के संभावित स्थानों को समाप्त करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को बुखार अथवा बीमारी के लक्षण दिखाई दें तो उसे तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाकर चिकित्सकीय जांच एवं उपचार कराया जाए। समय पर उपचार से बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सकता है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच.एन. प्रसाद ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 से 31 अक्टूबर 2026 तक तथा दस्तक अभियान 12 से 31 अक्टूबर 2026 तक जनपद में संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान प्रशिक्षित स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों को संचारी रोगों, दिमागी बुखार सहित विभिन्न बीमारियों से बचाव, लक्षण एवं उपचार के संबंध में जानकारी देंगे। इसके साथ ही संबंधित विभागों द्वारा अपने-अपने दायित्वों के अनुसार गतिविधियां संचालित कर अभियान को प्रभावी बनाया जाएगा। अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता अपनाने, जलभराव रोकने, मच्छरों से बचाव तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए जागरूक किया जाएगा। जागरूकता रैली के माध्यम से भी लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, डॉ. जे.जे. राम मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डॉ. एस.के. पाल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका जिला महिला चिकित्सालय डॉ. वीरेन्द्र सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (वेक्टरवॉर्न) डॉ. ए.पी. वर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविन्द भूषण, जिला कार्यक्रम अधिकारी, डॉ. उमेश कुमार उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चन्द्रशेखर जिला मलेरिया अधिकारी, डॉ. नरेश कुमार वर्मा चेयरमैन भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, ममता स्वर्णकार कोषाध्यक्ष, लक्ष्मणदास बवान, अलीम सर सहित रेडक्रॉस सोसाइटी के सदस्य एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply