हाईवे अंडरपास की स्लैब का प्लास्टर दूसरी बार गिरा, बड़ा हादसा टला

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी (जालौन)

 

कालपी/जालौन स्थानीय नगर के फोरलेन हाईवे स्थित ओवरब्रिज के फुलपावर अंडरपास की स्लैब का प्लास्टर एक बार फिर भरभराकर नीचे गिर गया। लगातार दूसरी बार हुई इस घटना से राहगीरों में दहशत का माहौल है। हालांकि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

विदित हो कि करीब पांच वर्ष पूर्व निर्मित 800 मीटर लंबे फोरलेन ओवरब्रिज में तीन अंडरपास बनाए गए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से बारिश का पानी स्लैब में रिसता रहता है, जिससे उसकी मजबूती प्रभावित हो रही है।

मालूम हो कि पिछले सप्ताह सुबह करीब चार बजे भी इसी अंडरपास की स्लैब का प्लास्टर अचानक गिर गया था। अभी उस हिस्से की समस्या पूरी तरह दूर भी नहीं हो पाई थी कि बीती रात फिर स्लैब का प्लास्टर नीचे आ गिरा। इससे अंडरपास की सड़क क्षतिग्रस्त हो गई और यातायात प्रभावित हो गया।

घटना के बाद कार्यदायी संस्था ने क्षतिग्रस्त हिस्से पर बैरिकेडिंग कर आवागमन जारी रखा। इसके बावजूद अंडरपास से गुजरने वाले लोगों में भय बना हुआ है और वे इसकी स्थायी मरम्मत की मांग कर रहे हैं।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की कार्यदायी संस्था के मैनेजर उत्तम सिंह ने बताया कि क्षतिग्रस्त हिस्से की जल्द मरम्मत कर अंडरपास को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाएगा, ताकि यातायात सामान्य रूप से संचालित हो सके।

 

फोटो – हाइवे के अंडरपास का क्षतिग्रस्त हिस्सा

Leave a Reply