आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पहले वसूले 10 हजार रुपये, शिकायत मिलते ही पुलिस ने की कार्रवाई
जिला संवाददाता अमित गुप्ता
उरई जालौन
उरई (जालौन) शहर में हनी ट्रैप के जरिए ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। होटल जायसवाल टावर में एक युवक को कथित रूप से जाल में फंसाकर उसके आपत्तिजनक वीडियो बनाए गए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख रुपये की उगाही का प्रयास किया गया। पुलिस ने मामले में एक महिला और उसके पुरुष साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।पुलिस के मुताबिक, हमीरपुर निवासी महिला ने अपने सहयोगी के साथ मिलकर युवक को होटल में बुलाया। वहां उसके आपत्तिजनक वीडियो बना लिए गए। इसके बाद दोनों आरोपियों ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए 10 लाख रुपये की मांग की।आरोप है कि आरोपियों ने युवक से मौके पर 10 हजार रुपये भी ले लिए और बाकी रकम जल्द देने के लिए लगातार दबाव बनाते रहे। परेशान होकर पीड़ित ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
