जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कदौरा जालौन
कदौरा (जालौन) थाना कदौरा पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले चार शातिर बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि दो अन्य को पुलिस ने घेराबंदी कर सकुशल दबोच लिया।
मुखबिर की सूचना पर कदौरा-हमीरपुर मार्ग से खुठमिली संपर्क मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस का बदमाशों से सामना हुआ। पुलिस को देखकर बदमाशों ने भागने का प्रयास किया, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए। मौके से दो अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, ताला तोड़ने की एक रॉड, दो पेचकस, एक प्लास, पांच मोबाइल फोन, एक बैग तथा चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त एक चार पहिया वाहन बरामद किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में रिंकू राजपूत उर्फ डूमर पुत्र सुभाष राजपूत निवासी ग्राम महेरा, थाना बिवार, जिला हमीरपुर (घायल), राघवेंद्र राजपूत उर्फ रग्घू पुत्र लालदिवान (22) निवासी ग्राम महेरा, थाना बिवार, जिला हमीरपुर (घायल), शैलेन्द्र यादव पुत्र रामसिंह यादव (21) निवासी ग्राम दामू पूरवा, थाना मुस्करा, जिला हमीरपुर तथा अंकित राजपूत पुत्र हल्कू (20) निवासी ग्राम महेरा, थाना बिवार, जिला हमीरपुर शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी एवं क्षेत्राधिकारी कालपी राजेश कमल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। मौके पर एसओजी, सर्विलांस टीम एवं थाना कदौरा पुलिस बल मौजूद रहा।
घायल दोनों अभियुक्तों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस गिरोह के आपराधिक इतिहास एवं अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
