भदवा गांव की एक किलोमीटर सड़क बनी जानलेवा,गड्ढों में तब्दील रास्ते से निकलना हो रहा है मुश्किल

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

उरई जालौन

 

उरई (जालौन)। ग्राम भदवाँ में गोहन रोड से गांव को जोड़ने वाली करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामूली बारिश होते ही गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे सड़क की स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालक फिसल कर गिरने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण स्कूली वाहनों, एंबुलेंस तथा बीमार मरीजों को ले जाने वाले वाहनों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती पूर्ण हो जाता है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से सड़क की जल्द मरम्मत कराकर आवागमन सुचारू कराने की मांग की है।ग्रामीण प्रेम कुमार वर्मा, अमर रजक, जाकिर हुसैन, राघवेंद्र पाल, रामवीर वर्मा और अजीत कुमार ने बताया कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब है, लेकिन अब यह पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र सड़क का निर्माण या मरम्मत कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply