Loading market...

लगातार बारिश से तिली समेत कई फसलों को भारी नुकसान होने से किसान चिंतित

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी जालौन

 

कालपी (जालौन) स्थानीय तहसील क्षेत्र में दो सप्ताह से अधिक समय से रुक-रुककर हो रही झमाझम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार बारिश के कारण खेतों में खड़ी तिली समेत कई अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। जलभराव और अधिक नमी के चलते फसलें खेतों में ही बर्बाद होने लगी हैं।

इस सम्बन्ध मवई ब्राह्मण गांव निवासी किसान नरेंद्र द्विवेदी व देवकीनंदन ओमरे (मगन) ग्राम संदी ने बताया कि लगातार बारिश से खेतों में पानी भर गया है। तिली की फसल को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। कई खेतों में फसल गलने और खराब होने लगी है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।धमना गांव के प्रगतिशील कृषक हरमोहन सिंह यादव ने कहा कि बारिश का सिलसिला लंबे समय तक जारी रहने से खेतों की नमी बढ़ गई है। सैकड़ों एकड़ खेतों में बोई गई तिली सहित अन्य फसलों पर इसका प्रतिकूल असर पड़ा है। यदि जल्द मौसम साफ नहीं हुआ तो नुकसान और बढ़ सकता है।

किसान कल्लू सिंह यादव काशीखेरा तथा कृषक व सविता समाज के अध्यक्ष लालता प्रसाद ओमरे ने बताया कि लगातार बारिश के कारण खेतों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मेहनत और लागत लगाकर तैयार की गई फसलें खराब होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष राजू सिंह ने प्रशासन से फसलों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।

 

फोटो – बोई गई फसल के खेतों में जलभराव

Leave a Reply