Loading market...

2.27 कुंतल गांजा बरामद, चार अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

 

कालपी (जालौन)  29 अगस्त। आटा थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 कुंतल 27 किलोग्राम अवैध गांजा, दो स्कॉर्पियो गाड़ियां और 5,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है।

 

पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को आटा थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चार संदिग्धों को पकड़ा गया। उनकी पहचान राजीव पंवार (45) निवासी शामली, वर्तमान पता बागपत, मो. आदिल (30), मोईन खान (24) निवासी शामली तथा शमीम (38) निवासी बागपत के रूप में हुई।

 

तलाशी के दौरान उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा UK08 BM 4343 और UP19 X 5841 नंबर की दो काले रंग की स्कॉर्पियो तथा 5,100 रुपये भी बरामद किए गए। दोनों वाहनों को पुलिस ने सीज कर दिया है।

 

उड़ीसा से लाकर कई जिलों में बेचते थे गांजा

 

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि चारों मिलकर गांजे का अवैध कारोबार करते थे। वे उड़ीसा से सस्ते दाम पर गांजा खरीदकर झांसी, जालौन, कानपुर देहात, कानपुर नगर और आसपास के जिलों में राहगीरों व ग्राहकों को बेचते थे। बिक्री से प्राप्त रकम को आपस में बांटकर अपने शौक पूरे करते थे।

 

मामले में थाना आटा में मु.अ.सं. 141/2026, धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी आसपास के राज्यों और जिलों से जुटाई जा रही है।

 

कार्रवाई थानाध्यक्ष आटा मय पुलिस टीम तथा प्रभारी स्वाट/सर्विलांस मय टीम द्वारा की गई।

Leave a Reply