जिला संवाददाता अमित गुप्ता
उरई जालौन
उरई (जालौन) विकासखंड नदीगांव क्षेत्र के ग्राम सुलखना निवासी राखी पत्नी वीरपाल ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आवासीय योजना का लाभ दिलाए जाने की मांग की है। पीड़िता ने बताया कि वह अनुसूचित जाति के बसोर समाज से संबंध रखती है और बेहद गरीब है। उसने आवासीय योजना का लाभ पाने के लिए पहले ही आवेदन पत्र भरकर ग्राम प्रधान को दिया था, लेकिन अभी तक उसे आवास सुविधा का लाभ नहीं मिल सका है।
पीड़िता के अनुसार, उसके परिवार के पास रहने के लिए पक्का मकान नहीं है और वह अपने परिवार के साथ छप्पर के नीचे रहने को मजबूर है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह स्वयं मकान बनवाने में असमर्थ है। ऐसे में परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राखी ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर पात्रता के आधार पर उसे आवासीय योजना का लाभ दिलाए जाने की मांग की है, ताकि उसके परिवार को सुरक्षित छत मिल सके।
