जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन कालपी नगर मुहल्लों में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। बकाया बिल के चलते कनेक्शन काटे जाने के बावजूद बिजली का इस्तेमाल किए जाने और अवैध तरीके से बिजली जलाने के मामलों में विभागीय टीम ने कार्रवाई की। अभियान के दौरान 19 लोगों के खिलाफ विद्युत चोरी निरोधक थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
विद्युत उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र सिंह सचान के नेतृत्व में विभागीय टीम ने नगर के मिर्जामंडी, रावगंज और मनीगंज सहित कई मोहल्लों में छापेमारी कर बिजली कनेक्शनों की जांच की। इस दौरान कटे हुए कनेक्शनों के बावजूद बिजली का उपयोग किए जाने तथा कटिया डालकर अवैध रूप से बिजली जलाने के मामलों की जांच की गई। अवर अभियंता सत्य प्रकाश गौतम अभिषेक धीर भूपेन्द्र सिंह आदि के द्वारा चैकिंग अभियान चलाया गया। बकाया बिल जमा न करने के कारण जिन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए थे, उनमें से कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से दोबारा बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की। अवर अभियंता सत्य प्रकाश गौतम ने बताया कि बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और राजस्व की हानि रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे बिजली का उपयोग नियमानुसार करें और बकाया बिलों का समय से भुगतान करें। अवैध तरीके से बिजली का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
