कोतवाली कोंच क्षेत्र के ग्राम बसोब निवासी एक युवक ने अपने पड़ोसियों पर मारपीट कर सिर पर हथौड़े से हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।ग्राम बसोब निवासी राकेश वर्मा पुत्र कालीचरन ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके पड़ोसी गौरीशंकर वर्मा से पारिवारिक रंजिश चल रही है। आरोप है कि 11 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे गौरीशंकर की पत्नी ममता वर्मा ने उससे कुछ सामान उठवाने में मदद मांगी। इस पर वह उनके घर चला गया।
पीड़ित के अनुसार, वहां पहले से मौजूद गौरीशंकर वर्मा पुत्र रामचरण व डलचंद्र पुत्र खूबर सिंह ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए हथौड़े से सिर पर वार कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उसे चार हथौड़े मारे और जान से मारने की धमकी भी दी। शोर मचाने पर आरोपियों ने उसका मुंह दबाने का प्रयास किया। किसी तरह वह मौके से भागकर बाहर निकला, जहां रास्ते में मिले राममोहन पुत्र दयाराम व उसकी बहन मालती सहित अन्य लोगों ने उसे बचाया।पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद परिजन उसे कोतवाली कोंच ले आए। पुलिस ने उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल कोंच और उरई भेजा, जहां उसका इलाज कराया गया। पीड़ित का कहना है कि उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं।पीड़ित राकेश वर्मा ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
