कोंच (जालौन) दुकान पर काम खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहे एक युवक को ग्राम मंगरा के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल कर दिया।
ग्राम मंगरा निवासी सोनू उम्र 32 वर्ष कोंच के मोहल्ला तिलक नगर स्थित कैलरगंज में एक स्पेलर पर पिराई का काम करता है। वह प्रतिदिन की तरह अपना काम खत्म करने के बाद मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव मंगरा जा रहा था। जब वह गांव मंगरा के पास पहुंचा, तभी रास्ते में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सोनू बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को संभाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच पहुंचाया सीएचसी के चिकित्सक गौरव शर्मा ने सोनू का प्राथमिक उपचार कर हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल उरई रेफर कर दिया गया।
