Loading market...

जवारे चढ़ाने जा रही ट्रैक्टर ट्राली पलटी, 22 से अधिक लोग घायल

कोंच (जालौन) कोंच-नदीगांव मार्ग पर सोमवार को महानवमी के अवसर पर देवी माता के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ग्राम खैराई के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में बच्चों, महिलाओं और पुरुषों समेत 22 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। इनमें से सात घायलों की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम और सीओ मौके पर पहुंचे और घायलों के उपचार की जानकारी लेते हुए उनका हाल जाना। वहीं, सीएचसी में घायलों के परिजनों ने स्वास्थ्य सेवाएं ठीक से नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जाहिर की और व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।

नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कैलिया खुर्द निवासी इंदल सिंह पुत्र गयाप्रसाद के घर पर जबारे बोए गए थे। इसे लेकर पिछले आठ दिनों से उनके घर में धार्मिक माहौल बना हुआ था। प्रतिदिन देवी माता के भजन-कीर्तन होते थे और देर रात तक गाने-बजाने के कार्यक्रम चलते थे। महानवमी के दिन सोमवार को श्रद्धालुओं ने सैदनगर स्थित देवी माता के मंदिर में जबारे चढ़ाने और दर्शन-पूजन करने की तैयारी की थी।

इसके बाद गांव के श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर भजन-कीर्तन करते हुए सैदनगर के लिए रवाना हुए। श्रद्धालुओं में महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल थे। सभी लोग धार्मिक उत्साह के साथ देवी माता के दर्शन करने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में अचानक हुए हादसे ने खुशियों के माहौल को चीख-पुकार में बदल दिया।

 

अचानक चिपक गए ट्रैक्टर के ब्रेक, अनियंत्रित होकर पलटी ट्रॉली

चालक बृजेन्द्र उर्फ गुलगुट्टे ने बताया कोंच-नदीगांव मार्ग पर ग्राम सदुपुरा और कनासी के बीच स्थित ग्राम खैराई के पास पहुंचते ही ट्रैक्टर के ब्रेक अचानक चिपक गए। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर लहराने लगा। देखते ही देखते ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क के बीचोंबीच पलट गई ट्रॉली पलटते ही उसमें सवार श्रद्धालु उसके नीचे और आसपास गिर पड़े। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल श्रद्धालुओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया हादसे में कई महिलाओं और बच्चों को चोटें आईं। एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के अस्पताल पहुंचने से उनके परिजनों में भी चिंता का माहौल बना रहा।

चालक ने बताया, अचानक चिपक गए थे ब्रेक

ट्रैक्टर चला रहे बृजेंद्र उर्फ गुलगुट्टे ने बताया कि उसके घर पर भी जबारे बोए गए थे और वह जबारों का पंडा बना हुआ था। श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर देवी माता के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर के ब्रेक चिपक गए, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई।

सात घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद किया गया रेफर

हादसे में घायल श्रद्धालुओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने घायलों का उपचार किया। इनमें सात लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

रेफर किए गए घायलों में रागिनी, चतुर सिंह, तेजा, देवकुंवर, सुनीता निवासी कैलिया खुर्द तथा पूजा और अन्नू निवासी भिटौरा, थाना रामपुरा शामिल बताए गए हैं।

घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम अभिनव कुमार यादव और सीओ परमेश्वर प्रसाद थानाध्यक्ष नढ़ीगांव राजकुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दुर्घटना की जानकारी ली और अस्पताल में भर्ती घायलों का हाल जाना। वहीं, घायलों के परिजनों ने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं ठीक से नहीं मिलने की बात कहते हुए नाराजगी जाहिर की। परिजनों ने घायलों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर सवाल उठाए।

मां को घायल देखने पहुंचा पुत्र, वह भी गिरकर हुआ घायल

हादसे के दौरान एक और घटना सामने आई। रेंडर थाना क्षेत्र के ग्राम भेदलपुरा निवासी सुनीता जाटव शनिवार को स्वजन के बुलाने पर अपने मायके ग्राम कैलिया खुर्द आई हुई थीं। सोमवार को वह भी श्रद्धालुओं के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार थीं और दुर्घटना में घायल हो गईं।

बताया गया कि सुनीता के पुत्र कन्हैया को जब अपनी मां के घायल होने की सूचना मिली तो वह उन्हें देखने के लिए मौके पर पहुंचा। मां को घायल अवस्था में देखकर वह घबरा गया और सड़क पर गिरकर खुद भी घायल हो गया। इसके बाद उसे भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा था। एक ही परिवार में मां और बेटे के घायल होने से परिजन परेशान नजर आए।

एक ही परिवार की मां और दो बेटियां घायल

 

हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों के घायल होने का मामला भी सामने आया। ग्राम कैलिया खुर्द निवासी अल्वा (40 वर्ष) ने बताया कि गांव में जबारे बोने के कारण खुशी और भक्ति का माहौल था। वह और उनकी बेटियां पूनम तथा मुस्कान देवी माता के भजन-कीर्तन गाती हैं। जबारों के दौरान प्रतिदिन देवी माता के भजन होते थे।

महानवमी पर तीनों एक साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर देवी माता के दर्शन के लिए जा रही थीं। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और तीनों घायल हो गईं। अल्वा के अनुसार, हादसे के समय उन्होंने अपनी दोनों बेटियों के हाथ पकड़ रखे थे। अचानक हुए हादसे में मां और दोनों बेटियों को चोटें आईं वही रानी देवी ने बताया वह भी कैलिया खुर्द की ही निबासी है उसकी पुत्री प्रगति व पुत्र सुमित भी सड़क दुर्घटना में घायल हुआ है।

धार्मिक उत्साह के बीच हादसे से गांव में चिंता

महानवमी के अवसर पर देवी माता के दर्शन और जबारे चढ़ाने के लिए निकले श्रद्धालुओं के साथ हुए इस हादसे से गांव में चिंता का माहौल बन गया। जिन घरों में पिछले कई दिनों से भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन चल रहे थे, वहां हादसे की सूचना पहुंचते ही परिजन घायलों की कुशलक्षेम जानने के लिए परेशान हो उठे।

फिलहाल घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया गया। सात घायलों को रेफर किए जाने के बाद उनके बेहतर इलाज की व्यवस्था की गई। हादसे के बाद अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर परिजनों की नाराजगी भी सामने आई।

स्वजनों ने लचर ब्यबस्था एवं स्वास्थ्य सेवा ठीक से न मिलने पर जाहिर की नाराजगी

कोंच नगर के रहने बाले बलराम जाटव को अपनी भाभी तेजा की हालत देखते ही नाराज हो गए और वहां पर एक्सरे और एम्बुलेंस की ब्यबस्था न होने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अस्पताल में खराब ब्यबस्था न एम्बुलेंस है और न ही एक्सरा मशीन रह रही उन्होंने कहा कि सीएम कहते है हमारा प्रदेश उत्तर प्रदेश है लेकिन सेवाओ से लग रहा है खत्मत्त प्रदेश कोई ब्यबस्था नही है जिसका सोशल मीडिया पर तेजी से वीडियो वायरल हो रहा है

Leave a Reply