दीपावली पर जिलाधिकारी जालौन ने गौवंश को खिलाया गुड़-चना — सेवा, करुणा और संस्कृति का दिया संदेश - Aaj Tak Media

दीपावली पर जिलाधिकारी जालौन ने गौवंश को खिलाया गुड़-चना — सेवा, करुणा और संस्कृति का दिया संदेश

जनपद जालौन | 21 अक्टूबर 2025
दीपावली के शुभ अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज गौशाला पिया निरंजनपुर पहुंचकर संरक्षित गौवंशों की सेवा करते हुए स्नेह और करुणा का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने गौशाला में मौजूद 493 गौवंशों को गुड़, चना और केला खिलाकर भारतीय संस्कृति में गौसेवा की परंपरा को जीवंत किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि — “गौवंश हमारी संस्कृति, आस्था और जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। इनकी सेवा करना न केवल हमारा नैतिक कर्तव्य है, बल्कि यह एक पुण्य कार्य भी है।”
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौशाला में सफाई, भोजन, पानी और चिकित्सा व्यवस्था नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी गौवंश को असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला में रखे भूसा, चोकर और चारे-पानी की गुणवत्ता की भी समीक्षा की और बेहतर प्रबंधन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा गौवंश संरक्षण और उनकी देखभाल के लिए सभी आवश्यक संसाधन प्राथमिकता से उपलब्ध कराए जाएंगे।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिलाधिकारी ने संदेश दिया कि दीपावली जैसे पावन पर्व पर हमें सेवा, सहयोग और दया के भाव को जीवन में आत्मसात करना चाहिए, तभी यह पर्व अपने वास्तविक अर्थ में सार्थक होगा।

इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज अवस्थी, खंड विकास अधिकारी, पंचायत सचिव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply