कालपी (जालौन ) जनपद में हुई बारिश के उपरांत गौवंशों की सुरक्षा एवं गौशालाओं में उपलब्ध व्यवस्थाओं का वास्तविक स्थिति में जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने ग्राम पंचायत राहिया एवं चमारी स्थित गौशालाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी लगभग डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर गौशाला तक पहुंचे और जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि गौशाला तक पहुंचने के लिए वर्तमान में कच्चा मार्ग उपलब्ध है, जिससे बरसात के समय आवागमन में कठिनाई की संभावना रहती है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौशाला तक पहुंच मार्ग को शीघ्र सुदृढ़ करते हुए खड़ंजा/अन्य उपयुक्त निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि किसी भी मौसम में निर्बाध आवागमन सुनिश्चित हो सके।
राहिया गौशाला में भूसा, चोकर एवं हरे चारे के भंडारण हेतु स्थायी भूसा घर का निर्माण कार्य पूर्ण न होने पर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि भूसा घर का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा गौवंशों के लिए पर्याप्त मात्रा में चारा उपलब्ध रखा जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि गौशाला के पास ग्राम पंचायत की शासकीय भूमि पर नेपियर घास लगे जिससे लगातार गोवंशों को हरा चारा मिल सके। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में सभी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जाना आवश्यक है। जिलाधिकारी ने कहा कि गौवंशों का भरण-पोषण, सुरक्षा एवं समुचित देखभाल शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, सतत निगरानी एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए गौशालाओं की व्यवस्थाओं को निरंतर बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान चारे की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं गौवंशों की समग्र स्थिति पर भी विशेष ध्यान दिया गया।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी मनोज अवस्थी, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पर उपस्थित रहे।
