कदौरा/जालौन थाना क्षेत्र के नगर स्थित मोहल्ला अम्बेडकर नगर में पारिवारिक डांट से आहत एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला अम्बेडकर नगर निवासी प्रदुम्न सिंह पुत्र राजेन्द्र सिंह उम्र 25 वर्ष को किसी बात को लेकर सोमवार रात उसके पिता ने डांट दिया था। इससे क्षुब्ध होकर प्रदुम्न अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। सुबह जब उक्त युवक काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद खिड़की से झांककर देखा गया तो प्रदुम्न पंखे के हुक में रस्सी का फंदा डालकर फांसी पर झूलता मिला। यह दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में परिजन उसे नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कदौरा ले गए, जहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी से मेमो के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल की और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया है कि मृतक प्रदुम्न की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व थाना गजनेर, जनपद कानपुर देहात के ग्राम गिरसी निवासी कामिनी के साथ हुई थी। उक्त मृतक युवक की पत्नी अपने मायके गई हुई थी अचानक हुई इस घटना से पत्नी कामिनी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस संबंध में थाना प्रभारी प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि अस्पताल से सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
