Loading market...

लेखपालों ने क्रमिक आंदोलन कर छोड़ा कामकाज

कोंच (जालौन) प्रदेश स्तर पर लंबित मांगों का शासन द्वारा अब तक निस्तारण न किए जाने से नाराज लेखपालों ने मंगलवार को अपने क्रमिक आंदोलन के तहत अतिरिक्त कार्यक्षेत्र का कामकाज छोड़ दिया। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर कोंच तहसील इकाई के लेखपाल तहसील कार्यालय परिसर में एकत्रित हुए और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। इसके बाद लेखपालों ने अपने तैनाती कार्यक्षेत्र से इतर अतिरिक्त कार्यक्षेत्र से संबंधित अभिलेखों से भरे बस्ते आरके ऑफिस में जमा कर दिए लेखपालों के इस कदम से तहसील में अतिरिक्त कार्यक्षेत्र से जुड़े कामकाज पर असर पड़ने की स्थिति बन गई है। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि शासन स्तर पर लंबे समय से उनकी प्रमुख मांगें लंबित हैं, लेकिन लगातार मांग उठाए जाने के बावजूद उनका समाधान नहीं किया जा रहा है। इसी के विरोध में प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर चरणबद्ध तरीके से क्रमिक आंदोलन चलाया जा रहा है उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की कोंच तहसील इकाई के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश साहू ने बताया कि वर्ष 2019 से लेखपालों की 2800 ग्रेड-पे किए जाने की मांग लंबित है। इसके अलावा अंतर्मंडलीय स्थानांतरण नीति लागू करने, लेखपालों को अतिरिक्त क्षेत्रों का कार्य न दिए जाने समेत कई अन्य मांगें शासन स्तर पर लंबित हैं। उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर संघ लगातार शासन का ध्यान आकर्षित कर रहा है उन्होंने बताया कि मंगलवार को आंदोलन के निर्धारित चरण के तहत सभी लेखपालों ने अपने तैनाती क्षेत्र से इतर अतिरिक्त कार्यक्षेत्र का काम छोड़कर संबंधित अभिलेखों से भरे बस्ते आरके ऑफिस में जमा किए हैं। कोंच तहसील इकाई की इस आंदोलन में शत-प्रतिशत सहभागिता है।

संघ के अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश ने कहा कि लेखपाल अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। जब तक शासन स्तर से उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।इस दौरान संघ के तहसील मंत्री दिलीप पटेल, चंदन शिवहरे, अंकुर, आशीष, मौसम, पद्मजा, रोहित, अनुराग, योगेंद्र, अंकित झा सहित बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।

Leave a Reply