Loading market...

किसानों ने छह सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

 

बारिश से फसलों को नुकसान, खाद-बीज, बिजली और ग्रामीण सड़कों की समस्या उठाई

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी (जालौन)

 

कालपी/ जालौन वुधवार को भारतीय यूनियन की मासिक पंचायत का आयोजन किया गया। इसके उपरांत किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर किसानों ने छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन तहसीलदार श्रीष कुमार मिश्रा को सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन में लगातार हो रही बारिश से फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।

तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष राजू मलथुवा ने बताया कि पिछले एक माह से लगातार बारिश के कारण खरीफ की फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। फसल खराब होने की स्थिति में किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति दिलाई जाए तथा फसल बीमा कंपनी से सर्वे कराकर नुकसान का मुआवजा दिलाया जाए।

ज्ञापन में किसान रजिस्ट्री में नाम व अन्य विवरण गलत दर्ज होने की समस्या का भी उल्लेख किया गया। किसानों ने आरोप लगाया कि संशोधन के नाम पर किसानों को परेशान किया जा रहा है। इसे शीघ्र दुरुस्त कराकर किसान रजिस्ट्री की प्रक्रिया सरल कराने की मांग की गई।

इसके अलावा सहकारी समितियों एवं सरकारी बिक्री केंद्रों पर डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई। किसानों का कहना है कि खाद की कमी के चलते उन्हें खुले बाजार में महंगे दामों पर खाद खरीदनी पड़ रही है।

किसानों ने रबी की फसलों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले बीज पर्याप्त मात्रा में समय से उपलब्ध कराने, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की समस्या दूर करने तथा खराब पड़े नलकूपों की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग भी रखी।

कालपी तहसील क्षेत्र के गांवों को जोड़ने वाले खराब ग्रामीण मार्गों की मरम्मत कराने की मांग की गई। किसानों ने कहा कि खराब रास्तों के कारण कृषि कार्य और आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने सभी मांगों का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की। राजवीर सिंह जादौन, बृजेश राजपूत, डा द्विजेंद्र सिंह, दिनेश प्रताप सिंह गौर समेत काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।

 

फोटो – तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते किसान

Leave a Reply