Loading market...

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

उरई जालौन

 

उरई (जालौन)। निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे हुए मतदाताओं और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम शामिल करने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 17 अक्टूबर और 24 अक्टूबर को जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदेय स्थल पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी समीर ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार आयोजित इन कैंपों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने बताया कि विशेष कैंप के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क बनाई जाएगी, जहां मतदाताओं को आवेदन पत्र भरने में सहायता दी जाएगी। बीएलओ के पास 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली, उसके बाद जारी सभी पूरक सूचियां और पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध रहेंगे। अभियान को सफल बनाने के लिए सभासदों, ग्राम प्रधानों और स्वयंसेवकों से भी नियमानुसार सहयोग लिया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष कैंप के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक

रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों सहित अन्य अधिकारी विभिन्न मतदेय स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे।

मतदाता साथ लेकर आएं जरूरी दस्तावेज

जिलाधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि 17 और 24 अक्टूबर को आयोजित विशेष कैंप में पहुंचकर निर्वाचक नामावली में अपना नाम शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी करें। इसके लिए आवेदक अपनी नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां साथ लेकर आएं। इसके अलावा परिवार के किसी सदस्य के मतदाता फोटो पहचान पत्र (वोटर आईडी) की संख्या उपलब्ध होने पर उसे भी साथ लाएं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य निर्वाचक नामावली में छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

Leave a Reply