विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने किया अखंड भारत संकल्प कार्यक्रम

कोंच (जालौन) विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में शुक्रवार को सुबह 9,30 बजे नगर के एसआरपी इंटर कॉलेज और ज्ञान मंदिर स्कूल में अखंड भारत संकल्प दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए विहिप जिला मंत्री साकेत शाण्डिल्य ने अखंड भारत के संकल्प और विभाजन की त्रासदी पर विचार व्यक्त किए।

 

साकेत शाण्डिल्य ने कहा कि आज का दिन भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के साथ-साथ अखंड भारत संकल्प दिवस के रूप में भी मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 1947 में देश के विभाजन के कारण भारत माता की भुजाएं अलग हो गईं और मातृभूमि का एक बड़ा पवित्र भूभाग भारत से अलग हो गया। उन्होंने विभाजन के दौरान हुई हिंसा और विस्थापन को देश के इतिहास की दुखद घटना बताते हुए कहा कि लाखों लोगों को जान गंवानी पड़ी और बड़ी संख्या में परिवारों को अपना घर-बार छोड़ना पड़ा।

 

उन्होंने कहा कि देश के विभाजन के अगले दिन भारत स्वतंत्र हुआ। आज का दिन उन पावन स्थलों और भूभागों को नमन करने का अवसर है, जो विभाजन के कारण भारत से अलग हो गए। साथ ही यह अखंड भारत की भावना को मजबूत करने और देश की एकता, अखंडता एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति संकल्प लेने का दिवस है।

 

उन्होंने छात्र-छात्राओं से देश के इतिहास को जानने, महापुरुषों के योगदान को समझने और राष्ट्र की एकता व अखंडता के लिए जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम में नगर मंत्री सुमित अग्रवाल, बजरंग दल नगर संयोजक कुलदीप सोनी, मातृशक्ति की शैलजा श्रीवास्तव, मंजू अग्रवाल, कमलेश निरंजन, अवधेश पटेल पचीपुरी सहित विद्यालयों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

Leave a Reply