Loading market...

दिवारी नृत्य ने लोगों का मोहा

कोच (जालौन) बुंदेलखंड में दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और मिठाइयां बांटने तक सीमित नहीं है, बल्कि इस त्योहार पर क्षेत्र की समृद्ध लोककला और शौर्य परंपराओं की भी अनूठी झलक देखने को मिलती है। इसी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक दिवारी नृत्य दीपावली से लेकर भाई दूज तक गांवों और कस्बों में उत्साह के साथ किया जाता है। मंगलवार को सुबह 10,30 बजे कोंच नगर में भी दिवारी नृत्य की धूम देखने को मिली। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच कलाकारों ने लंबी-लंबी लाठियों से हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

दिवारी नृत्य की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़ी मानी जाती है। लोक मान्यताओं के अनुसार, जब भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाया था, तब ग्वालों ने लाठियां लेकर खुशी मनाई थी। इसी परंपरा ने आगे चलकर दिवारी नृत्य का रूप लिया। बुंदेलखंड में इसे चंदेलकालीन शौर्य और पारंपरिक युद्धकला से भी जोड़कर देखा जाता है।

इस नृत्य में पांच से छह फीट लंबी लाठियों का इस्तेमाल किया जाता है। कलाकार पूरी फुर्ती, संतुलन और तालमेल के साथ एक-दूसरे पर वार, पलटवार और बचाव के करतब दिखाते हैं। इसके लिए लंबे अभ्यास, शारीरिक मजबूती और एकाग्रता की आवश्यकता होती है।

 

दिवारी नृत्य खेलने वाले देशराज के अनुसार, दिवारी नृत्य मनोरंजन के साथ समाज को एकता, सुरक्षा, साहस और भाईचारे का संदेश देता है। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता सरस्वती वर्मा ने इसे बुंदेलखंड की सांस्कृतिक पहचान और सामूहिक उत्सव की महत्वपूर्ण परंपरा बताया।

 

कोंच नगर की जय राम दिवाली कमेटी की ओर से आयोजित दिवारी नृत्य में देशराज चौधरी, लालू, जीवन, फुक्के वर्मा, ठाकुरदास राठौर, चंद्रभान चौधरी, अरविंद कुशवाहा, नंदू चिकवा, भवानी शंकर राठौर, डॉ. मुकेश वर्मा, कमलेश कुशवाहा, धर्मेंद्र चौधरी, रवि वर्मा सहित अन्य लोग शामिल रहे।

 

वहीं खिलाड़ी अंश कुशवाहा, लड्डू गौतम, अंशु राठौर, मनीष वर्मा, राज गौतम, सूरज गौतम, रोशन गौतम, शिवम गौतम, संजू कुशवाहा, दीपक कुशवाहा, दिनेश राठौर, सुमित कुशवाहा, नरेश राठौर, मोनिया, प्रहलाद गौतम, योगेश वर्मा, आकाश कुशवाहा, गजेंद्र वर्मा और काजू गौतम ने लाठियों के शानदार करतब दिखाए। दिवारी नृत्य ने एक बार फिर बुंदेलखंड की गौरवशाली लोकसंस्कृति और परंपरा को जीवंत कर दिया।

Leave a Reply