जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन विद्युत कनेक्शन लेने के बाद भी समय से बिजली बिलों का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को नगर क्षेत्र में बकाया वसूली एवं विद्युत विच्छेदन अभियान चलाकर 27 बकायेदार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। विभाग की इस कार्रवाई से बकाया बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया।
उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र सिंह सचान के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान अवर अभियंता सत्य प्रकाश गौतम के नेतृत्व में विभागीय टीम ने नगर के विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर चिह्नित बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई की। टीम में अभिषेक धीर , रिंकू पोरवाल, दिलीप कुमार, अजय निगम सहित अन्य विद्युत कर्मचारी शामिल रहे। अभियान के दौरान विद्युत बिलों का लंबे समय से भुगतान नहीं करने वाले 27 उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेद कर दिए गए।
विद्युत विभाग के अवर अभियंता सत्य प्रकाश गौतम के अनुसार नगर क्षेत्र में करीब 400 बकायेदार उपभोक्ताओं को चिह्नित किया गया है। इनमें 58 उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने विद्युत कनेक्शन तो ले लिया, लेकिन कनेक्शन लेने के बाद से ही बिजली बिल का भुगतान नहीं किया। इसके अलावा करीब एक सैकड़ा उपभोक्ताओं द्वारा भी लंबे समय से विद्युत बिल जमा नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। ऐसे उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।
अवर अभियंता सत्य प्रकाश गौतम ने बताया कि बिजली बिलों की बकाया धनराशि जमा कराने के लिए विभाग द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। जिन उपभोक्ताओं पर लंबे समय से बिल बकाया है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि अनावश्यक परेशानी एवं कनेक्शन कटने की कार्रवाई से बचने के लिए समय से अपने विद्युत बिलों का भुगतान करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बकाया वसूली को लेकर विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा और बड़े बकायेदारों को चिह्नित कर कार्यवाही की जाएगी।
फोटो-कनेक्शन विच्छेद करने में जुटी टीम
